BJP ने जारी किया लिस्ट
Election 2024: उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 44 सांसदों को फिर दिया टिकट, चार हारी सीटों पर बदले प्रत्याशी-
भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशियों में 21 अन्य पिछड़ा वर्ग 18 सामान्य वर्ग और 12 अनुसूचित जाति के हैं। पार्टी ने अभी 29 सीटों पर प्रत्याशी नहीं घोषित किए हैं। इनमें दो अपना दल (एस) के पास हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वाराणसी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लखनऊ स्मृति ईरानी को अमेठी व महेंद्र नाथ पांडेय को चंदौली से प्रत्याशी बनाया है।
केंद्रीय राज्य मंत्रियों में भाजपा ने डा. संजीव बालियान को मुजफ्फरनगर, एसपी सिंह बघेल को आगरा (सुरक्षित), अजय मिश्रा 'टेनी' को खीरी, फतेहपुर से साध्वी निरंजन ज्योति, कौशल किशोर को मोहनलालगंज (सुरक्षित) और भानु प्रताप सिंह वर्मा को जालौन (सुरक्षित) सीट से फिर मैदान में उतारा है।
भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशियों में 21 अन्य पिछड़ा वर्ग, 18 सामान्य वर्ग और 12 अनुसूचित जाति के हैं। पार्टी ने अभी 29 सीटों पर प्रत्याशी नहीं घोषित किए हैं। इनमें दो अपना दल (एस) के पास हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को वाराणसी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लखनऊ, स्मृति ईरानी को अमेठी व महेंद्र नाथ पांडेय को चंदौली से प्रत्याशी बनाने के साथ भाजपा ने पहली सूची में छह राज्य मंत्रियों को भी जगह दी है।
पहली सूची में सभी सांसदों को फिर टिकट देते हुए भाजपा ने 75 पार वाले फार्मूले को लागू करने से परहेज किया है। श्रावस्ती से भाजपा ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सलाहकार रहे नृपेन्द्र मिश्र के पुत्र साकेत मिश्र को प्रत्याशी बनाया है।
इन्वेस्टमेंट बैंकर के तौर पर करियर शुरू करने वाले साकेत 1994 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए लेकिन वित्तीय क्षेत्र में रुचि होने के कारण उन्होंने आइपीएस से त्यागपत्र देकर फिर बैंकिंग क्षेत्र की पुरानी राह पकड़ी। पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें श्रावस्ती से भाजपा के टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन भाजपा ने अपने सांसद दद्दन मिश्रा को टिकट थमाया और वह चुनाव हार गए। पिछले वर्ष भाजपा ने साकेत मिश्र को विधान परिषद का मनोनीत सदस्य बनवाया।
अंबेडकरनगर से भाजपा ने हाल ही में बसपा छोड़कर आए सांसद रितेश पांडेय को प्रत्याशी बनाया है। रितेश के पिता राकेश पांडेय अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट से सपा विधायक हैं, लेकिन बेटे के भाजपा में शामिल होने के बाद 27 फरवरी को राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग करते हुए भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के पक्ष में मतदान किया था।
जौनपुर से भाजपा ने कांग्रेस सरकार में महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। मूलत: जौनपुर के कृपाशंकर सिंह मुंबई में उत्तर भारतीयों के बड़े नेताओं में शुमार हैं और तीन बार विधायक रहे हैं। कृपाशंकर जुलाई 2021 में भाजपा में शामिल हो गए थे। वह महाराष्ट्र में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के प्रभारी भी रह चुके हैं।
हारी सीटों पर नए प्रत्याशी
भाजपा ने पिछले लोकसभा चुनाव में हारी नगीना (सुरक्षित) सीट पर नया प्रत्याशी उतारा है। नगीना से भाजपा ने बिजनौर के नहटौर से विधायक ओम कुमार को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने हारी हुई बाकी तीन सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को ही मौका दिया है। संभल से परमेश्वर लाल सैनी, अमरोहा से कंवर सिंह तंवर और लालगंज (सुरक्षित) से नीलम सोनकर पर भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि भाजपा ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 62 सीटें जीती थीं जबकि उसके सहयोगी अपना दल (एस) ने दो सीटें-मीरजापुर और राबर्ट्सगंज जीती थीं। शेष 16 सीटें बसपा, सपा और कांग्रेस के खाते में गई थीं। उप चुनाव में भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर लोक सभा सीटें सपा से छीन ली थीं।

Comments
Post a Comment